फिरोजाबाद। जिला अस्पताल परिसर में बने टीबी वार्ड की विशाल बिल्डिंग के दिन बहुरेंगे। जिला अस्पताल एवं टीबी वार्ड मेडिकल कालेज का हिस्सा होंगे। मरीज भी यहां भर्ती होंगे। बीते गुरुवार को निरीक्षण करने आए शासन के चिकित्सा एवं शिक्षा प्रमुख सचिव रजनीश दुबे ने अधिकारियों के साथ रणनीति तैयार की। ताकि मेडिकल कालेज को भव्य रूप देकर मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जलेसर रोड पर करोड़ों की लागत से मेडिकल कालेज बन रहा है। मेडिकल कालेज में हर प्रकार की सर्जरी एवं आधुनिक मशीनें की सुविधा होगी। मेडिकल की शिक्षा दी जाएगी। कालेज को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा। इसमें जिला अस्पताल मेडिकल कालेज का विंग होगा। कालेज की कुछ ओपीडी जिला अस्पताल में चलेंगी।
गंभीर मरीजों को जलेसर रोड स्थित मेडिकल कालेज में भेजा जाएगा। जिला अस्पताल वार्ड के सौ पलंग मेडिकल कालेज से जोड़े जाएंगे। वर्षों से खंडहर पड़े टीबी वार्ड की बिल्डिंग को शुरू कराने की तैयारी है। यहां 120 पलंग की सुविधा है। यानि जिला अस्पताल परिसर को 220 बैड का अस्पताल बनाने की कार्य योजना शासन ने तैयार कर ली है। इस तरह से मेडिकल कालेज प्रदेश के कुछ शहरों में संचालित हो रहे हैं। कार्य योजना मेडिकल कालेज शुरू होने के बाद लागू होगी।