फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के रेहना रोड स्थित कांच गोदाम का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये की बैटरी इन्वर्टर और अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर दी है।
थाना दक्षिण के महावीर नगर निवासी संजीव अग्रवाल पुत्र दिनेश चंद्र अग्रवाल का गोपाल ट्रेडिंग के नाम से रेहना रोड पर कांच के सामान का गोदाम है। शुक्रवार की शाम उसको बंद करके घर चले आए थे, शनिवार की सुबह जब पहुंचे तो देखा कि वहां ताला टूटा हुआ था। उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
मौके पर फिंगरप्रिंट की टीम को बुला लिया। टीम ने फिंगर प्रिंट आदि के नमूने लिए। चोर गोदाम से पांच से छह डाइयों के साथ बैटरी और इन्वर्टर सहित नकदी चोरी कर ले गए। गोदाम संचालक का कहना है कि उसके यहां 24 जनवरी को भी चोरी की वारदात हुई थी। थानाध्यक्ष दक्षिण विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित ने ऑनलाइन तहरीर देने की बात कही है। तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।