मैनपुरी। ब्योंति खुर्द निवासी युवक को विपक्षियों ने मुकदमे में पैरवी न किए जाने को लेकर धमकी दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गांव ब्योंति खुर्द निवासी विजय कुमार जनपद इटावा निवासी एक महिला की ससुराल में दहेज हत्या के मामले में वादी पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे हैं। विपक्षी भोगांव थाना क्षेत्र के गांव सिवाई के रहने वाले हैं।
रविवार शाम को विजय को गांव सिवाई निवासी महेश, दिनेश पुत्र गेंदालाल और विमल पुत्र सुगर सिंह ने घर पर आकर मुकदमे में समझौता किए जाने का दबाव बनाया। जब विजय ने पीड़ित पक्ष का सहयोग करने व मुकदमे में पैरवी करते रहने की बात कही, तो नामजद लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। चौकी पुलिस को मामले की जांच सौंप दी गई है।