मथुरा। कोहरे के कारण सुबह आने वाली ट्रेनें रात को पहुंच रहीं हैं। कोई 11 घंटे लेट है तो कोई दस घंटे तक । यात्री परेशान हैं। जंक्शन पर अफरातफरी का आलम है। सैकड़ों लोगों ने अपने रिजर्वेेशन रद्द करा लिए हैं।
सोमवार को अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 11 घंटे, नई दिल्ली से झांसी जाने वाली ताज एक्सप्रेस छह घंटे, जम्मूतवी से पुणे जाने वाली झेलम एक्सप्रेस आठ घंटे, अमृतसर से मुंबई जाने वाली गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस 4.30 घंटे, विशाखापट्टनम हीराकुंड एक्सप्रेस पांच घंटे, इलाहाबाद जयपुर एक्सप्रेस नौ घंटे, मंगला एक्सप्रेस सात घंटे, उत्तकल एक्सप्रेस 3.30 घंटे देरी से चली। ट्रेन लेट चलने से कड़कड़ाती ठंड में दिन भर यात्री रेलवे जंक्शन पर ट्रेन आने का इंतजार करते रहे। सैकड़ों लोगों ने अपने रिजर्वेेशन रद्द करा लिए हैं।
जंक्शन पर न जले अलाव, न लगे गैस के हीटर
मथुरा। कड़कड़ाती सर्दी में रेलवे जंक्शन पर यात्रियों के लिए न तो कोई अलाव जलाया गया और न ही गैस का हीटर लगाया गया। ट्रेन लेट होने के चलते हजारों यात्री रेलवे जंक्शन की मुख्य एंट्री, वेटिंग हॉल, बुकिंग हॉल, सेकेंड एंट्री, थर्ड एंट्री व सरकुलेटिंग ऐरिया में यात्री ठहर रहे हैं, लेकिन यहां सरदी से बचाव के लिए न तो नगर निगम और न रेलवे प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम किए गए हैं।