मथुरा। कन्हैया क्लाथ मार्केट में लगी आग में करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है आग शाट सर्किट से लगी है। कश्मीर वूलन सेंटर के मालिक हैप्पी सरदार ने बताया कि गुरुवार की देरशाम वह दुकान बंद करके होली वाली गली तक पहुंचे ही थे कि लोगों ने बताया कि दुकान में आग लग गई है। वह दौड़कर दुकान पर पहुंचे तब तक आग फैल चुकी थी। आग देखते-देखते बराबर बनी तीन फड़ की दुकान में भी फैल गई।
साड़ी और ऊनी कपड़ों की दुकान के मालिक अमर सिंह और अवतार सिंह दुकान पर मौजूद थे। उनके सामने ही दुकान में रखा माल आग से खाक हो गया। हैप्पी सरदार ने बताया कि उसका करीब 20 लाख और अवतार सिंह ने बताया कि उनका करीब 60 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। बताया कि आग शार्ट सर्किट होने से लगी है।
व्यापारियों ने बैठक कर ऊर्जा मंत्री का घेराव की दी चेतावनी
मथुरा। होलीगेट के अंदर कन्हैया क्लाथ मार्केट में दुकानों में लगी आग से गुस्साए व्यापारियों ने एलान किया है कि वह विद्युत विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे और बिजली मंत्री का घेराव करेंगे। व्यापारियों ने शुक्रवार को बैठक कर आग लगने से पीड़ित व्यापारियों को सांत्वना दी। मार्केट में आयोजित बैठक में नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमेश चतुर्वेदी ने कहा कि वह जल्द ही शहर की विद्युत समस्या को लेकर ऊर्जा मंत्री का घेराव करेंगे। व्यापारी नेता सुनील साहनी ने कहा कि वे पीड़ित व्यापारियों को मुआवजा दिलाकर रहेंगे। बैठक में व्यापारी नेता रामचंद्र खत्री, गुरुमुख दास, दिनेश आनंद पापे, सुनील अग्रवाल, प्रकाश अरोड़ा आदि व्यापारी नेता शामिल थे।