फिरोजाबाद। अमेरिकन बेटी जब हाथों में मेंहदी रचा कर 16 श्रंगार कर दुल्हन के लाल जोड़े में सजी तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सुहागनगरी निवासी शलभ शर्मा एवं अमेरिका निवासी एमी ने एक दूसरे के वरमाला डाली और हिंदू रीति रिवाज से मंत्रों के बीच सात फेरे कर एक दूसरे के हो गए।
फिरोजाबाद पालिका के पूर्व सभासद सत्यकांत शर्मा के एक बेटा शलभ शर्मा एवं दो बेटियां पायल एवं कजरी शर्मा हैं। कजरी शर्मा की शादी हो चुकी है। बेटा शलभ शर्मा मेरठ से बीटेक करने के बाद करीब एक दशक से अमेरिका में रहता है। शलभ शर्मा को अमेरिका की यूनीवसिर्टी ऑफ जोर्जिया में सीनियर साइंटिस्ट के पद पर तैनात हैं।
इस दौरान उनकी मुलाकात वहां ब्रेन पर रिसर्च कर रही एमी पेंग पुत्री कुट पेंग से हुई। दोनों रिसर्च करने के साथ फोटो के लिए जाते रहे। दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि एमी पेंग ने शलभ के साथ जिंदगी बिताने का संकल्प लिया। बेटी की जिद के आगे उसके परिजन भी तैयार हो गए। अमेरिका में दिसंबर में छुट्टी होने से एमी पेंग ने फिरोजाबाद में आकर हिंदू रीति- रिवाज से शादी करने का फैसला लिया।
दो दिन पूर्व अमेरिका से सुहागनगरी आई एमी पेंग ने हाथों में मेंहदी रचाई और परिजनों के साथ शॉपिंग की। ब्यूटी पार्लर ने 16 श्रंगार कर सजाया और गुरुवार देर शाम शादी के लाल जोड़े में दुल्हन सजी तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सत्यकांत के साथ शिवकांत शर्मा पीसू सहित परिवार के अन्य सदस्य खुश थे।
उनका कहना था कि मुझे बेहद खुशी है अमेरिकन बेटी हमारे परिवार की बहू बन रही है। शाम को एक दूसरे ने वरमाला पहनाई और मंत्रोच्चारण के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेकर दोनों ने हमेशा-हमेशा साथ रहने का वचन एक दूसरे को दिया।
अमेरिका से फिरोजाबाद के युवक शलभ से शादी करने आई एमी पेंग के साथ उनकी मां लिंन पेंग एवं पिता कुट पेंग सहित परिवार के भाई, भाभी सहित अन्य लोग आए हैं। कुछ परिजन आगरा स्थित होटल में ठहरे थे। शाम तक वह वे शादी समारोह में आ गए।
शलभ शर्मा के परिजनों की मानें तो दिसंबर माह अमेरिका में छुट्टी सर्वाधिक होती हैं। इसके कारण मांगलिक कार्य छुट्टी के दिनों में अमेरिकन निपटाते हैं। इसी कारण ही शादी समारोह दिसंबर माह में रखा है।