आगरा। सेना में सैनिक भर्ती रैली गुरुवार देर रात कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू हो गई। इसमें भाग लेने के लिए हाथरस और मथुरा से दस हजार नौजवान पहुंचे। पहले दिन इन दोनों जिलों के अभ्यर्थियों की ही दौड़ कराई गई। शनिवार को भी इनकी ही दौड़ होगी। भर्ती की यह प्रक्रिया चार दिसंबर तक चलेगी।
जोश से भरे नौजवान गुरुवार की शाम को ही पहुंचना शुरू हो गए थे। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर भारी भीड़ रही। काफी लोग निजी वाहनों से पहुंचे हैं। हाईवे पर मेले जैसा नजारा है। रात में जब क़ड़ाके की सर्दी पड़ रही थी, तब उत्साह की गर्मी से नौजवान सेना में शामिल होने का जज्बा लेकर दौड़ लगा रहे थे। यह भर्ती सोल्जर जीडी कैटेगरी और क्लर्क कैटेगरी में हो रही है। 24 नवंबर की रात में एक बजे शुरू हुई। सबसे ज्यादा अभ्यर्थी सोल्जर कैटेगरी में आए हैं। भर्ती स्थल पर सभी इंतजाम किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न होने पाए। पुलिस की ओर से सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी श्लोक कुमार भी सुरक्षा का जायजा लेने के लिए पहुंचे।
दलालों से सावधान रहें
आगरा। सेना की भर्ती शुरू होते ही दलाल भी सक्रिय हो जाते हैं। पिछले साल आगरा में हुई भर्ती में दलाल पकड़े भी गए थे। ऐसे भी दलाल हैं जो सेना के अधिकारियों की वर्दी पहनकर पहुंच जाते हैं। इसके चलते अभ्यर्थियों को अलर्ट किया जा रहा है कि वे किसी के चक्कर में न पड़े। भर्ती के नाम पर ठगी करने के दो मामले सदर थाना में भी दर्ज हैं। पुलिस की ओर से भी यह निगरानी की जा रही है कि कहीं आसपास कोई दलाल नजर आए तो उसे पकड़ लिया जाए।