फिरोजाबाद। नगर निगम सीमा के अंतर्गत 29 नवंबर को मतदान करने के लिए आने वाले मतदाताओं को बूथों पर पानी मिलेगा। इसका इंतजाम करने के लिए शुक्रवार को जलकल विभाग की टीमे पूरे दिन दौड़ती रहीं।
फिरोजाबाद में पहली बार नगर निगम का चुनाव होने जा रहा है। नगर निगम सीमा के अंतर्गत कुल 191 मतदान केंद्रों पर 439 बूथ हैं। 29 नवंबर को होने वाले मतदान के समय मतदाताओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी बूथों पर पेयजल, सफाई, प्रकाश, रैंप की व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है।
एसडीएम सदर संगमलाल यादव ने जलकल विभाग को सभी 439 बूथों की सूची उपलब्ध करा दी है। इन सभी बूथों पर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जलकल विभाग के एक्सईएन एमए हक के निर्देश पर जलकल विभाग की टीमों ने बूथों का सर्वे किया। सर्वे में करीब तीन दर्जन बूथ ऐसे मिले हैं जहां पानी का इंतजाम नहीं है।
29 नवंबर से पूर्व इन बूथों तक पानी पहुंचाने के लिए जलकल विभाग की टीमें क्षेत्र में दौड़ रही हैं। बूथों पर पानी पहुंचाने को क्षेत्र में खराब पड़े नलकूप, सबमर्सिबल, हैंडपंप ठीक कराए जा रहे हैं। कुछ बूथों पर टैंकर से पानी की व्यवस्था की जाएगी।