मैनपुरी । सर्दियां आते ही रक्तचाप बढ़ने से लोग अवसाद के शिकार हो रहे हैं। इससे लोग जरा-जरा सी बात पर नाराज होकर जान देने की कोशिश कर रहे हैं। जिले में चार दिन के अंदर सात महिलाओं समेत 16 लोगों ने खुदकुशी की कोशिश की। इसमें से 15 लोगों को तो डॉक्टरों ने बचा लिया लेकिन एक महिला की मौत हो गई।
सर्दी का प्रकोप बढ़ते ही जनपद में लोग अवसाद का शिकार होने लगे हैं। जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड पर यदि नजर डालें तो 16 नवंबर को दो युवतियों ने, 17 नवंबर को दो महिलाओं सहित चार लोगों ने, 18 नवंबर को दो महिलाओं सहित पांच लोगों ने तथा रविवार 19 नवंबर को तीन महिलाओं सहित पांच लोगों अलग-अलग कारणों से जहर खाकर जान देने का प्रयास किया।
जिसमें बेवर निवासी सोनी नामक महिला की मौत हो गई। जबकि भोगांव निवासी 26 वर्षीय श्रीदेवी, औंछा निवासी 27 वर्षीय शिवकुमार, एलाऊ के वीलपुर निवासी 17 वर्षीय सुषमा, भोगांव निवासी 28 वर्षीय सत्येंद्र प्रताप को रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम बताते हैं कि सर्दियों के दिनों में रक्तचाप अधिक होने के कारण लोग अवसाद के शिकार होते हैं। जरा-जरा सी बात को गंभीरता से ले जाते हैं और आत्महत्या जैसे कदम उठाने लगते हैं। डॉक्टर के अनुसार मौसम में परिवर्तन के दौरान इस प्रकार की समस्याएं अधिक बढ़ जाती हैं।