एटा। सर्दिंयां शुरू हो गई हैं। कोहरा ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सर्दी, जुकाम और खांसी के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन अभी चेतता नजर नहीं आ रहा है। सर्दी को देखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन नहीं हुआ है और न ही रैन बसेरे, कंबल की व्यवस्था हो सकी है। ऐसे में ठंड की दुश्वारी से हालात बिगड़ सकते हैं।
सर्दियों की दस्तक के साथ ही बीमारियों में इजाफा होने लगा है। जिला अस्पताल में सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि अस्पताल में मरीजों की कतारें लग रही हैं। शनिवार को 1200 मरीजों ने अस्पताल मेें परीक्षण कराया। इसमें सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्गों को सर्दी, जुकाम, बुखार की समस्या निकली। डा. एस चंद्रा बताते हैं कि सर्दियां बढ़ने से मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को सर्दी से बचाव करने की सलाह दी जा रही है।
गर्म कपड़ों का बाजार गर्म
सर्दी बढ़ने के साथ गर्म कपड़े निकल आए हैं। लोग गर्म कपडे़ जैकेट, स्वेटर पहनकर घर से निकल रहे हैं। बाजार में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी तेजी से चल रही है। इसके अलावा मूंगफली, भुने आलू का भी लोग खूब स्वाद ले रहे हैं।