फिरोजाबाद। सुहागनगरी में विद्युत संकट गहराता जा रहा है। रात के समय मुरादाबाद कंट्रोल से होने वाली कटौती ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शनिवार को भी ढाई घंटे से कटौती की गई, जिससे पूरा शहर अंधकार में डूबा रहा।
प्रदेश में लंबे समय में विद्युत संकट चल रहा है। विद्युत संकट के चलते जनपद के टूंडला, शिकोहाबाद, सिरसांज व जसराना तहसीलों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कटौती हो रही थी। अभी फिरोजाबाद शहर विद्युत कटौती से अछूता चल रहा था। अब शहर की बिजली कटौती का दौर शुरू हो गया है।
शनिवार को मुरादाबाद कंट्रोल से रात में 12 बजे सप्लाई काट दी गई, जिससे पूरा शहर अंधकार में डूब गया। बिजली जाते ही लोगों की नींद उड़ गई। इसके उपरांत करीब ढाई बजे रोस्टिंग समाप्त हुई। इस संबंध में एक्सईएन द्वितीय आरपी वर्मा का कहना है कि वर्तमान में बिजली की उपलब्धता कम हो रही है। तहसीलों में कटौती हो रही है। शहर में भी दो घंटे कटौती हो रही है।