फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर के हनुमान रोड पर शनिवार रात काले रंग की पल्सर सवार तीन बदमाशोें ने चार लोगों से मोबाइल व नकदी लूट ली। विरोध करने पर तमंचा की बट मारकर घायल कर दिया। एक दिन में लगातार चार वारदातों से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के दुर्गानगर निवासी प्रमोद कुमार पुत्र स्वर्गीय हरीबाबू शनिवार को घर जा रहा था। घर के पास काले रंग की पल्सर पर सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर सिर में तमंचा की बट मारकर घायल कर दिया।
दूसरी घटना मोहल्ला दुली निवासी राजकुमार पुत्र किशनलाल के साथ हुई। काली पल्सर सवार बदमाश राजकुमार से मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। तीसरी घटना थाना उत्तर के मोहल्ला बजरंगनगर निवासी अबरार पुत्र रफीक के साथ हुई। अबरार हनुमान रोड से घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पल्सर सवार लुटेरों ने अबरार से मोबाइल, छह हजार रुपये लूट लिए।
हनुमान रोड पर ही लूट की चौथी घटना जलेसर रोड निवासी गौरव के साथ हुई। लुटेरे उससे भी मोबाइल फोन व नकदी लूट ले गए। एक रात में लूट की चार वारदातों से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। रविवार को लूट का शिकार हुए सभी लोगों ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है।