सहावर के ग्राम खोजपुर में अपहरण की सूचना से दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने फायरिंग भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग की। पुलिस को न तो कोई ही बदमाश मिला और न ही कोई अपहृत।
धर्मेंद्र निवासी खोजपुर अपने खेत पर काम कर रहा था, इसी बीच गांव में मक्का के खेतों की ओर से कुछ आहट सुनाई दी। इस आहट से उसे बदमाशों की आशंका हुई। उसे लगा कि बदमाश किसी को अपहरण करके ले जा रहे हैं। उसने गांव में पहुंचकर शोर मचा दिया। ग्रामीण अपने हथियार लेकर मक्का की खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने फायरिंग शुरू कर दी। लगभग डेढ़ दर्जन फायर ग्रामीणों ने किए, दूसरी ओर से फायरों का कोई जवाब नहीं मिला। इससे भी ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। मामले की सूचना पुलिस दी गई। सूचना पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन पुलिस को भी कोई बदमाश नहीं मिला। लेकिन ग्रामीणों के बीच दहशत बनी रही। थाना प्रभारी ने बताया कि अपहरण का मामला निराधार निकला। पुलिस ने गांव में पहुंचकर कांबिंग की, लेकिन कहीं से कोई भी बदमाश की आहट नहीं मिली। पुलिस ने एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी है।