फिरोजाबाद। ऋण माफी योजना के तहत किसानों की सीधे फीडिंग का काम पूरा होने के बाद डीएम नेहा शर्मा ने इनकी बैंकबार सूची संबंधित तहसील के लेखपाल व कानूनगों को थमा दी है। उन्हें दो दिन के अंदर किसानों का सत्यापन कर रिपोर्ट देनी होगी।इसके साथ ही बैंक के नोडल अफसरों को खुद बैंक एकाउंट खुलवाना होगा।
प्रदेश सरकार की किसानों की ऋण माफी योजना के तहत ही ऋण मोचन पोर्टल पर किसानों की फीडिंग का काम गत रात्रि करीब 12 बजे समाप्त हो गया। किसानों की फीडिंग के फीडिंग का काम पूरा होने के साथ डीएम नेहा शर्मा ने आज सभी बैंकों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सभी नोडल अधिकारियों से फीडिंग पूर्ण होने के प्रमाणपत्र लेने के साथ ही आदेश दिए कि वह बैंक खाता खुलवा लें।
डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर सीडीओ अशोक कुमार ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल एवं कानूनगों के साथ पालीवाल हॉल में बैठक आयोजित की। ऋणमोचन के अन्तर्गत आने वाले किसानों की बैंकवार सूची थमाने के साथ सत्यापन का काम किया जाएगा।
सीडीओ ने कहा कि इस दौरान किसानों की गाटा संख्या के हिसाब से कुल किस किसान पर कितनी भूमि है वह लघु या सीमांत श्रेणी का किसान है कि नहीं। खातेदार की मौत हो गई या फिर अन्य कोई मामला है इसकी स्पष्ट रिपोर्ट देनी होगी। बैठक में मुख्य रूप से एसडीएम सदर चंद्रभानु सिंह, टूंडला सुरेश सिंह,जसराना रिजबान अहमद,शिकोहाबाद संगमलाल यादव, सिरसागंज अम्बरीश कुमार बिंद सहित तहसीलदार व लेखपाल मौजूद थे।