आगरा। ताजमहल पर अब तक 50 लाख रुपये से ज्यादा की नगदी और कीमती सामान पर्यटकों को लौटा चुके सीआईएसएफ जवानों की ईमानदारी को पर्यटन उद्योग ने सलाम किया। हाल में ही दक्षिण कोरिया के सेजोंग शहर से आए 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य का पर्स चोरी होने के बाद सीआईएसएफ जवान ने तुरंत वापस दिलाया। इस पर टूरिज्म गिल्ड ने जवान को होटल जेपी पैलेस में एक समारोह में सम्मानित किया।
टूर आपरेटर एलपीटीआई के जरिए दक्षिण कोरिया के सेजोंग शहर की स्पेशल सेल्फ गवर्निंग सिटी काउंसिल के 13 सदस्य 4 से 6 जुलाई के बीच आगरा रहे थे। पांच जुलाई की सुबह वह ताजमहल का दीदार करने पहुंचे, जहां पर्यटक सीके चुंग का पर्स फोटोग्राफी के दौरान किसी ने चोरी कर लिया। सीआईएसएफ जवान ने चोर को दबोचते हुए पर्स लौटा दिया। एलपीटीआई ने जेपी पैलेस होटल में शुक्रवार शाम को जवान का अभिनंदन किया। इस दौरान टूरिज्म गिल्ड अध्यक्ष अरुण डंग, एलपीटीआई उपाध्यक्ष राजेश शर्मा मौजूद रहे।