जैंत/चौमुहां। गांव फैंचरी में मंगलवार को फांसी के फंदे पर लटकी मिली विवाहिता के शव को जबरदस्ती जलाने के मामले में पति समेत आठ ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा विवाहिता का शव जलाकर सुबूत मिटाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने में पुलिस ने पांच नामजदों समेत 25-30 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दो नामजद ग्रामीणों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एहतियात के तौर गांव फैंचरी में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मंगलवार की शाम तीन माह पहले ब्याही गांव फैंचरी निवासी विवाहिता गीता (22) पत्नी रिंकू का शव कमरे में फांसी का फंदे पर लटका मिला था। ससुरालीजन रात में ही ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस को बिना बताए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए थे। लेकिन मायकेवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से हटवाया दिया। इससे ससुरालवाले और कुछ ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए। इससे आनन-फानन पुलिस ने दूसरे थानों की फोर्स बुलवाकर किसी तरह शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। यह देख ग्रामीण एवं परिजन भाग खड़े हुए।
मृतका के पिता एत्माद्दौला की श्याम बिहार कालोनी निवासी हरदम ने बेटी के पति रिंकू, ससुर गिर्राज, पार्वती, भूरी, विनीत समेत अन्य चार ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। उधर, चौकी प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने नेत्रपाल, प्रभाती, लखन, चंदन, अशोक समेत 25-30 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दबिश देकर नेत्रपाल एवं लखन को गिरफ्तार कर जेला भेजा है।
दो बहनों की हुई थी तीन माह पहले शादी
एत्माद्दौला की श्याम बिहार कालोनी निवासी हरदम ने अपनी दो बेटियों गीता और सुनीता का विवाह जैंत चौकी के गांव फैंचरी निवासी गिर्राज के पुत्रों से की थी। गीता का विवाह रिंकू और सुनीता का विवाह भूरी से 28 फरवरी 2017 में हुआ। लगातार दहेज की मांग कर रहे ससुरालीजनों ने गीता को मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार की शाम छोटी बेटी सुनीता ने मायकेवालों को सूचना दी कि गीता को रिंकू, भूरी, विनीत और गिर्राज सिंह आदि ने मिलकर मार दिया है। इस पर अंतिम संस्कार करने जा रहे ससुरालीजनों की हरकतों की सूचना मायकेवालों ने तुरंत जैंत पुलिस को दी गई। मायकेवाले छोटी बेटी सुनीता को ससुराल से अपने साथ घर ले गए।
‘सुबूत मिटाने के आरोप में नेत्रपाल पुत्र छीतारिया व लाखन पुत्र हरीराम को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही है।
विनोद कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी जैंत