किशनी (ब्यूरो)। प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार जिस संकल्प पत्र को लेकर सत्ता में आई थी उसकी धज्जियां उड़ चुकी हैं। कानून व्यवस्था ठप है। अपराधी सरकार पर हावी हैं। भीषण गर्मी में प्रदेश में अघोषित विद्युत कटौती से त्राहि-त्राहि मची हुई है। तीन महीने में ही लोग अखिलेश सरकार की उपलब्धियां याद करने लगे हैं।
यह बातें सांसद तेजप्रताप यादव ने बुधवार को सौज ग्राम पंचायत के मईखेड़ा व हाजीपुर में सड़क के लोकार्पण के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार के सभी कामों की प्रशंसा पूरे देश में हो रही है। बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आई भाजपा सरकार से तीन महीने में ही जनता त्रस्त हो चुकी है। 24 घंटे बिजली देने का झूठा दावा किया जा रहा है जबकि पूरे प्रदेश में 10 से 12 घंटे ही बिजली आ रही है। कानून व्यवस्था अपराधियों के हाथों में आ चुकी है। हत्याओं व बलात्कार की बाढ़ सी आ गई है। इससे पूर्व सांसद का आयोजकों ने स्वागत किया। सांसद ने सौज ग्राम पंचायत से निर्मित मईखेड़ा व हाजीखेड़ा की सीसी सड़कों का लोकार्पण किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बिल्लू यादव, ऋषि यादव, प्रधान अखिलेश यादव, अवधेश यादव, चंदगीराम यादव, राजवीर यादव, संजू यादव, प्रदीप यादव, बीटू यादव, आनंद यादव, वेदप्रकाश यादव, मनीष यादव, गोपेश यादव सहित कई लोग मौजूद थे।