अलीगंज विधानसभा में सात सौ जवानों की निगरानी में होगा मतदान
- फोटो : अमर उजाला
एटा। लोकसभा क्षेत्र फर्रुखाबाद की विधानसभा क्षेत्र अलीगंज में चौथे चरण का मतदान कल है। इसके लिए पुलिस विभाग ने तैयारियां कर ली हैं और अर्द्धसैनिक बलों के 700 जवानों को शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए तैनात किया जा रहा है। वहीं मोबाइल पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन के तहत फर्रुखाबाद संसदीय सीट के लिए विधानसभा क्षेत्र अलीगंज में कल वोट डाले जाएंगे। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से संवेदनशील रहा है और यहां चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके मद्देनजर शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए जिम्मेदारों से कमर कस ली है और अर्द्धसैनिक बल के 700 जवानों साथ-साथ 300 से अधिक पुलिस के जवान और 50 के करीब दरोगाओं को लगाया जा रहा है। वहीं मोबाइल पुलिस बल भी तैनात रहेगा, जो घटना एवं दुर्घटना होने पर पांच मिनट में मौके पर पहुंचेगी। एएसपी संजय कुमार ने कहा कि अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में 413 बूथ हैं। इन पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराना प्राथमिकता है। चुनाव कराने के लिए पर्याप्त फोर्स मौजूद है। चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।