मथुरा। अब तो आसमान से आग बरसने लगी है। शनिवार को तो पारा 44 के पार पहुंच गया। सुबह को दोपहर जैसी गर्मी पड़ने लगी। गर्म हवाओं ने बाहर निकलना भी मुश्किल कर दिया है। बाजारों में तो सन्नाटा पसर जाता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तो पारा और चढ़ेगा।
सूरज की किरणें अब शरीर को झुलसा रही हैं। शनिवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। गर्मी के चलते सड़कों पर भी वाहन कम नजर आ रहे हैं। लोग जरूरी कार्यों से ही घरों से बाहर निकल रहे है। इसकी वजह से सड़कों पर भी कम भीड़ नजर आ रही है।
गरमी के चलते दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेदम कर दिया। दोपहर के समय का तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। स्थिति यह है कि कूलर और पंखे भी फेल होने लगे हैं। दिन भर धूप से तपने वाले मकानों में तो एसी भी उस तरह से काम नहीं कर पा रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों काल कहना है कि जिस तरह से पारा लगातार चढ़ रहा है उसके हिसाब से गर्मी अभी अपना और रंग दिखाएगी।
चंदनवन कालोनी में सारा दिन गुल रही बत्ती
मथुरा। शनिवार को चंदनवन कालोनी में सारा दिन बत्ती गुल रही। बिजली गुल होने के कारण इस इलाके में पानी का भी संकट रहा। शुद्ध पानी के लिए भी लोग हैंडपंप पर निर्भर थे। बिजली अधिकारियों ने बताया कि केबल बदला जा रहा है। इस कारण बिजली बाधित रही थी। शाम को बिजली का सुधार कार्य पूरा कर लिया गया था और सप्लाई शुरू कर दी थी। वहीं शहर के कई दूसरे इलाकों में भी बिजली की किल्लत रही। जैसे जैसे बिजली की मांग बढ़ रही है उसी तरह से संकट भी खड़ा हो रहा है।