मथुरा/राया। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने महावन थाने में तैनात दरोगा को निलंबित कर दिया है और राया की बिचपुरी चौकी के तीन सिपाही लाइन हाजिर कर दिए हैं। दरोगा पर जमीन पर कब्जा, दहेज के मुकदमे में जांच में तथ्यों को छुपाना और बिचपुरी चौकी पर रहते हुए वाहनों से वसूली करने में संलिप्त पाए जाने का आरोप है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने वसूली करने वाले दो युवक जेल भेजा है।
राया की बिचपुरी चौकी पर वाहनों से की जा रही वसूली की शिकायत पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज सोमवार की रात 12 बजे बिचपुरी चौकी पहुंचे। दो युवक वाहनों से वसूली करते मिले। इन युवकों को तीनों सिपाही कुछ नहीं कह रहे थे। उनकी संलिप्तता पाए जाने पर एसएसपी ने सिपाही जितेंद्र कुमार, विवेक कुमार और बलराम को लाइन हाजिर करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार करवाया।
चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने पकड़े गए प्रेमपाल उर्फ कल्ला निवासी नगला बसु राया और नेपाल उर्फ नटवर निवासी किशोर नगला सासनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएसपी ने बताया कि महावन में तैनात दरोगा विजय बहादुर सिंह की काफी शिकायत मिल रही थीं। गोविंदनगर में रहते हुए उन्होंने जमीनों पर कब्जा, बिचपुरी चौकी पर वाहनों से वसूली की शुरुआत कराना और थाना महावन में दहेज के मामले में तथ्य छु़पाए थे।