एटा। होली के त्योहार में सिर्फ एक दिन बाकी है। ऐसे में हर ओर रंग उड़ रहा है। उमंग से भरे मन में रंग की तरंगे उठ रही हैं। विद्यार्थी दोस्तों के साथ होली की मस्ती कर रहे हैं, तो बाजार में होली का उल्लास देखते बन रहा है। बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कोई रंग, गुलाल और पिचकारी खरीद रहा है, तो पूजा और पकवान के लिए सामान की खरीद कर रहा है।
होली के त्योहार को लेकर बाजार में रौनक बिखरनी शुरू हो चुकी है। शहर के घंटाघर, किराना बाजार, हाथी गेट, सुभाष मूर्ति, मेहता पार्क स्थित दुकानों पर मंगलवार को खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। लोगों ने रंग, गुलाल के साथ चिप्स, पापड़ और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की। इसके साथ ही बाजार में भीड़ को देखकर दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।
वहीं बार एसोसिएशन कार्यालय पर अधिवक्ताओं ने एक दूसरे को रंग लगाकर पर्व की बधाई दी। महासचिव उदयवीर सिंह वर्मा, अजीत सिंह, राहुल, नीरज गुप्ता, गौरव, प्रज्ञा गुप्ता, अनुज चतुर्वेदी, यतेंद्र बघेल, कांता राजपूत मौजूद रहे। एमजी इंटरनेशनल स्कूल में छुट्टी के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। नाजिश, मोना मिश्रा, ऋतु मिश्रा, प्रनवीर सिंह, गगन गुप्ता, भावना, सुधा, प्रियंका यादव, कविता लाल, प्रिया शर्मा, नाजिनीन मौजूद रहे।
कवि सम्मेलन एवं मेला फूल डोल 21 मार्च को
जलेसर। होली पर्व पर 21 मार्च को महावीरगंज स्थित बीएसएनएल कार्यालय के निकट मेला फूल डोल आयोजित होगा। मेला आयोजक संजीव वर्मा ने बताया कि मेले के दौरान दोपहर तीन बजे से बच्चों की प्रतियोगिता और शाम को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
मिलावटखोर सक्रिय, खाद्य विभाग निष्क्रिय
मिरहची/एटा। त्योहार के नजदीक आते ही मिलावट खोर सक्रिय हो गए हैं। दूध से लेकर मसालों में जमकर मिलावट की जा रही है। मगर विभाग अनजान बना हुआ है। दुकानदार विभाग से सांठगांठ कर मिलावटी सामान बेच रहे हैं।