मैनपुरी। इस बार दीवानी हवालात में हुए बवाल को प्रशासन हल्के में नहीं लेना चाहता। पुलिस पर पथराव व कर्मियों से मारपीट की घटना के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं हवालात के प्रवेश द्वार पर बैरीकेडिंग लगाकर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सीओ का कहना है कि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक नहीं होने दी जाएगी। मंगलवार को दुष्कर्म के एक मामले में दीवानी पेशी पर आए दो बंदियों ने हवालात में परिजनों द्वारा दिए गए सामान को ले जाने से इंकार करने पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी थी
। वहीं साथ आए लोगों ने हवालात को घेरकर पुलिस पर पथराव कर दिया था। बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को दीवानी हवालात पुलिस व पीएसी की कड़ी सुरक्षा निगरानी में रही। प्रवेश द्वारा से बेरीकेडिंग लगाकर वहां नई तैनाती पाए आरक्षियों को ड्यूटी पर लगा दिया गया। वहीं परिसर के चारों ओर पुलिस व पीएसी मौजूद रही। इसके अलावा रेलवे गेट चौकी इंचार्ज को भी दीवानी हवालात की ड्यूटी पर तैनाती दी गई।