एटा। सफाई कार्य में संजीदगी बरतने का डंका पीटने वाली नगर पालिका एटा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पिछड़ गई। जिला स्तर पर आयोजित स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में अवागढ़ नगर पंचायत ने अव्वल स्थान प्राप्त किया। वहीं जैथरा द्वितीय और अलीगंज तृतीय स्थान पर रही।
स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के तहत शासन के निर्देश पर जिले की सभी निकायों में स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता कराई गई थी। रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम प्रशासन धर्मेंद्र सिंह और ईओ नगर पालिका और एएसडीएम नंदलाल वर्मा ने परिणाम घोषित कर पुरस्कार वितरण किया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार नगर पंचायत अवागढ़ के वार्ड नंबर चार कछपुरा, द्वितीय पुरस्कार जैथरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक नेहरू नगर, तृतीय पुरस्कार नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 राम प्रसाद चौधरी, चतुर्थ पुरस्कार पालिका मारहरा के वार्ड नंबर पांच कम्बोह उत्तरी, पंचम पुरस्कार नगर पंचायत राजा का रामपुर के वार्ड नंबर 10 मोहल्ला कुंजड़ियान को मिला।
वहीं एटा के वार्ड 23 को विजय नगर, जलेसर के वार्ड सात को ब्राह्मण पुरी, नगर पंचायत निधौलीकलां के वार्ड सात ब्राह्मणपुरी नगर पंचायत सकीट वार्ड नंबर दो कटरा को श्रेष्ठ पुरस्कार दिया गया। नगर पालिका, पंचायत अध्यक्ष, वार्ड सभासद और सफाई नायकों को सम्मानित किया गया। पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी, अवागढ़ चेयरमैन महेशपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह चौहान, बृजेश गुप्ता, वहीद महमूद जुबैरी, डा. किरन सिंह, महावीर सिंह राठौर, बालकपूर, डीपीएम सुरजीत कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।