मैनपुरी। एसपी ऑफिस हो या फिर एएसपी दफ्तर, रोजाना यहां सैकड़ों की संख्या में फरियादियों की भीड़ लगती है। अधिकांश फरियादियों की शिकायत रहती है कि थाने में सुनवाई नहीं हुई। अब अफसरों तक अगर फरियादी शिकायत लेकर पहुंचेंगे तो थानेदारों की खैर नहीं। खुद ये निर्देश एसपी की ओर से जिलेभर के सभी थानाध्यक्षों को दिए हैं।
एसपी अजय शंकर ने कहा कि अफसरों तक जो फरियादी आते हैं, उनमें से कई शिकायतें बेहद मामूली होती हैं। उनका चौकी या थाने में ही निस्तारण हो जाना चाहिए, लेकिन फिर भी फरियादी अफसर के दरवाजे तक पहुंचता हैं। निश्चित तौर पर कहीं न कहीं थाना स्तर पर ही लापरवाही बरती जा रही है।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक शिकायतें पूरी गंभीरता के साथ थाने में ही निपटाएं। आखिर शिकायतें थाना स्तर पर ही हल क्यों नहीं हो रही हैं। समस्या कहां पर आ रही है, इस सब को लेकर भी थानाध्यक्षों से बात की गई है। स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर थानाध्यक्ष मामूली घटनाओं पर भी रोक नहीं लगा सकते, तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। साथ ही सभी चौकी इंचार्ज को भी इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के आदेश भी दिए हैं।