टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में आग (हॉट एक्सल) की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। टीएक्सआर विभाग की टीम ने ट्रेन की जांच की तो कोई गड़बड़ी नहीं मिली। तब कहीं जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान ट्रेन करीब 30 मिनट खड़ी रही।
शु्क्रवार सुबह करीब 9.30 बजे 12033 कानपुर से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस जैसे ही दिल्ली रेलखंड के पोरा व हाथरस रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची, तभी रेलवे लाइन पर काम कर रहे ट्रैकमैन ने एएसएम हाथरस को ट्रेन से धुआं निकलने की जानकारी दी।
एएसएम ने इसकी जानकारी तत्काल मुख्य नियंत्रण कक्ष को दी। अनहोनी की आशंका के चलते तत्काल ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक) काटकर ट्रेन को रोका गया।
इसके साथ ही मौके पर पहुंची टीएक्सआर विभाग की टीम ने ट्रेन की बारीकी से जांच की, लेकिन कहीं भी हॉट एक्सल नहीं मिला। टीम करीब आधा घंटे तक जांच करती रही। टीम के संतुष्ट होने के बाद ही शताब्दी एक्सप्रेस को सुबह 10 बजे रवाना किया गया। इस दौरान अनहोनी की आशंका को लेकर यात्री भी दहशत में रहे।