रिश्वतखोर प्रभारी सब रजिस्ट्रार को मेरठ जेल भेजा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराो
एटा। खेत को बंधन मुक्त करने के लिए किसान से 200 रुपये की रिश्वत लेने वाले प्रभारी सब रजिस्ट्रार को मेरठ जेल भेजा गया है। वहीं मामले में तहसीलदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दरअसल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर और तहसीलदार दुर्गेश यादव ने सोमवार को तहसील स्थित निबंधन कार्यालय में तैनात प्रभारी सब रजिस्ट्रार प्रमोद सक्सेना को रिश्वत लेते पकड़ा था। प्रभारी सब रजिस्ट्रार ने एक किसान से 200 रुपये रिश्वत ली थी। मामले में सोमवार रात को तहसीलदार दुर्गेश यादव की तहरीर पर प्रभारी सब रजिस्ट्रार प्रमोद सक्सेना के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही रिश्वतखोर प्रभारी सब रजिस्ट्रार को मेरठ जेल भेजा गया है। बताया जाता है कि भ्रष्टाचार निवारण अदालत के मेरठ में होने के चलते प्रभारी सब रजिस्ट्रार को मेरठ जेल में निरुद्ध किया गया है।