फिरोजाबाद/टूंडला। शनिवार सायं बाइकर्स गैंग ने ओवरटेक कर रोक ली और चालक की पिटाई कर 10 हजार रुपये लूट ले गए। कार सवार के शोर मचाने पर ग्रामीणों से घिरता देख बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर निवासी पंकज शर्मा शनिवार सायं 3.30 बजे अपनी वैगनआर कार में सवार होकर आगरा से गांव लौट रहा था। गांव के पास बंबा पुलिया पर पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। कार रुकते ही युवकों ने उसे कार से खींच कर पीटते हुए 10 हजार रुपए लूट लिए।
इसी बीच पंकज ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े। खुद को घिरता देख बदमाश बाइक छोड़ कर भाग गए। घटना के शिकार पंकज ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। कार सवार ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है। थाना प्रभारी बीडी पांडेय का कहना है कि लूट की वारदात संदिग्ध है। मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।