मथुरा। हाथों में दूध का गिलास, गिरिराज मंदिर की ओर बढ़ता भक्तों का रैला, हर कदम पर मुख से निकलता राधे-राधे और दानघाटी मंदिर व मुखारबिंद पर दुग्धाभिषेक करने की होड़। कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को गोवर्धन के सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में देखने को मिला। गिरिराज अभिषेक के लिए भक्त उमड़ पड़े। गोवर्धन के सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में अब आस्था अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी है। परिक्रमा मार्ग में अब मानव श्रृंखला बनने लगी है। इस ओर तेजी से बढ़ते कदम और मुख से गिरिराज जी के जयकारे अब समूचे परिक्रमा मार्ग में सुनाई देने लगे हैं। बुधवार को परिक्रमा मार्ग में ऐसी मानव श्रृंखला बनी की उसका न कोई ओर दिखाई दिया और न कोई छोर। इस दौरान हुई बरसात भी श्रद्धालुओं के कदम न रोक सकी। राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, यूपी आदि राज्यों से आए लाखों भक्तों ने गिरिराज शिला पर दुग्धाभिषेक कर मनौती मांगी और सप्तकोसीय परिक्रमा प्रारंभ की।
जतीपुरा-आन्यौर और पूंछरी में भक्तों के हुजूम के हुजूम नजर आए। कुंडों पर की गई बेरीकेडिंग के कारण श्रद्धालु यहां स्नान न कर सके। मानसी गंगा में लगे फव्वारों पर भी स्नान के लिए भक्तों की काफी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां पुलिसकर्मी मशक्कत करते देखे गए। मुकुट मुखारबिंद पर भी भक्तों को रोक-रोककर गिरिराज जी के दर्शन कराए गए।