एटा। जिले में आने वाले अधिकारियों को बसेरा देने के लिए पीडब्ल्यूडी ने तैयारी शुरू कर दी है। दो साल से अटके ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण के लिए जगह मिल गई है। इसे लेकर काम शुरू हो चुका है। शहर के अलीगंज रोड स्थित विकास भवन के पीछे बने शेड की जमीन पर हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है।
दरअसल, दो साल पहले शासन ने जिले में अधिकारियों के रुकने के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाने की मंजूरी दी थी। शासन ने जिला प्रशासन को हॉस्टल निर्माण को जगह का चयन करने के निर्देश दिए, लेकिन पीडब्ल्यूडी को उपयुक्त जगह नहीं मिली। पिछले दिनों डीएम अमित किशोर ने पीडब्ल्यूडी को विकास भवन परिसर के पीछे बने शेड में ट्रांजिट हॉस्टल बनाने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी ने जगह का मौका मुआयना कर काम शुरू करने की हामी भर दी। सीडीओ उग्रसेन पांडेय ने बताया कि ट्रांजिट हॉस्टल तीन मंजिला होगा। जिसमें 24 कमरे बनाए जाएंगे। इस निर्माण पर 4.86 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हॉस्टल के निर्माण से अधिकारियों को आवासीय सुविधा को भटकना नहीं पड़ेेगा। पीडब्ल्यूडी ने काम शुरू कर दिया है।