मथुरा। जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल और वृंदावन स्थित सौ शैया अस्पताल में संचालित दो परियोजनाओं में शासन ने एक ही चिकित्सक की तैनाती कर दी है। चिकित्सक ने भी इस पर आपत्ति दर्ज न कराते हुए दोनों ही पदों पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। मामला संज्ञान में आने पर सीएमएस ने रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है।
महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में एनसीडी यूनिट में डा. अमर चंद की तैनाती है। पिछले दिनों शासन ने वृंदावन स्थित सौ शैया अस्पताल में इनकी एक और चिकित्सकीय यूनिट में तैनाती कर दी है। इस पर डा. अमर चंद ने किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज न करते हुए कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसकी भनक सौ शैया अस्पताल के सीएमएस को लगी तो उन्होंने इस संदर्भ में जिला अस्पताल के सीएमएस से संपर्क किया।
दो स्थानों पर एक ही चिकित्सक की तैनाती का मामला संज्ञान में आने के बाद जिला अस्पताल के सीएमएस डा. वीके गुप्ता ने दोनों चिकित्सालयों में डा. अमर चंद की तैनाती संबंधी रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है।
एसीएमओ स्तर के छह चिकित्सकों के स्थानांतरण
जिले में तैनात एसीएमओ स्तर के छह चिकित्सकों के स्थानांतरण विभिन्न जनपदों में किए गए हैं। इसमें ज्यादातर का स्थानांतरण आगरा हुआ है। डा. सज्जन कुमार का स्थानांतरण महोवा हुआ है।
इनके अलावा किजला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डा. रविंद्र कुमार गुप्ता, डा. रचना गुप्ता, डा. यूवी सिंह, रेडियोलॉजिस्ट डा. सीमा मेहरा और फरह में तैनात डा. अनिल कुमार सिंघल का भी स्थानांतरण हुआ है। इससे पूर्व डा. राजेंद्र कुमार का स्थानांतरण चित्रकूट में सीएमओ के पद पर हुआ था।