जनपद में शुक्रवार की रात्रि को आई तेज आंधी से बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। 100 से अधिक पोल टूटकर गिर पड़े। इसका असर जनपद के 12 फीडरों पर पड़ा। बिजली विभाग बाधित हुई आपूर्ति को सुचारु करने में जुटा हुआ है।
आंधी के चलते कई गांव में 100 से अधिक बिजली के पोल टूट गए जबकि कई स्थानों पर पेेड़ टूटकर लाइन पर गिर पड़े। शहर के डीएम फीडर पर लाइन पर पेड़ टूटकर गिर जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके अलावा नदरई, बिलराम, नगला पीपल, सिढ़पुरा क्षेत्र के दो फीडरों सहित 12 फीडर क्षेत्रों के काफी गांव में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होते ही रातभर ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में डूब गए। जिससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतें हुईं। दिन निकलने पर बिजली विभाग आपूर्ति को बहाल करने में जुट गया। लाइनों पर गिरे पेड़ों हटाया गया। फाल्ट तलाशे गए। डीएम आवास फीडर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तो बहाल कर दी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति अभी बहाल नहीं हो पाई है। जिन स्थानों पर पोल टूटे हैं उनमें पोल बदलने के बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकेगी। इससे ग्रामीणों को अभी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता हरिमोहन ने बताया कि विभाग आपूर्ति को बहाल करने में जुटा हुआ है। कुछ क्षेत्रों में एलटी लाइन पर फॉल्ट हुए हैं। जिससे आंशिक आपूर्ति बाधित है।