एटा। मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर शनिवार को एटा पहुंचे खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जनधन खाता खोलने के बाद भ्रष्टाचार पर अपने आप रोक लग गई।
खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री व एटा प्रभारी मंत्री अतुल अग्रवाल ने बताया है कि 26 मई 2014 को देश में एनडीए की सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने तो उन्होंने देश को न केवल गति दी, बल्कि विश्व में अलग पहचान बनाई। जो अभी तक नहीं हुआ था। वह चार सालों में करके दिखाया। मोदी ने जनधन खाते खुलवाए और भ्रष्टाचार पर नकेल कसने का काम किया। 12 रुपये में हर व्यक्ति को सड़क दुर्घटना बीमा का कवर दिया। तीन करोड़ परिवारों को उज्जवला योजना से लाभ पहुंचा और 8 करोड़ लोगों को और लाभ दिया जाएगा। दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के माध्यम से देश के 18 हजार गांवों का विद्युतीकरण कराया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को छत दी गई है। स्वच्छ भारत अभियान को आंदोलन बनाकर 2019 तक देश को स्वच्छ व सुंदर बनाने का काम किया जा रहा है। मोदी सरकार में चलाई गई अन्य योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस मौके पर विधायक मारहरा वीरेंद्र सिंह लोधी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, विक्रांत माधौरिया, संदीप जैन, पंकज चौहान सहित आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी पात्रों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले। विभागीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। पात्र परिवारों को राशन मिलना चाहिए। गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए सभी हैंडपंप सही कराए जाएं।
प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि गेहूं खरीद के तहत जनपद के सरकारी क्रय केन्द्रों पर अवस्थापना सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। सौभाग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे। जिले के लिए मेडीकल कॉलेज का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। डीएम अमित किशोर, मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, सीडीओ उग्रसेन पाण्डेय, एएसपी संजय कुमार, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, सीएमओ डा. अजय अग्रवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत जगतराम, अधिशासी अभियंता जल निगम एएस भाटी, अधिशासी अभियंता सिंचाई अजय भारती, बीएसए एसके तिवारी, डीएसओ राजीव मिश्रा, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा मौजूद रहे।