वृंदावन (मथुरा)। तीर्थनगरी में पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ मंगलवार को वृंदावन डाकघर में सांसद हेमामालिनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि वृंदावन में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू होने के बाद अब मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गाजियाबाद नहीं जाना पड़ेगा।
पासपोर्ट केंद्र शुरू कराने में केंद्रीय विदेशमंत्री सुषमा स्वराज की भूमिका को अहम बताते हुए सांसद ने कहा कि एक वर्ष पूर्व ही सुषमा स्वराज ने उन्हें वृंदावन में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू करने की जानकारी दी थी। ब्रजभूमि के विकास में यह पासपोर्ट सेवा केंद्र मील का पत्थर साबित होगा।
डाक विभाग की पोस्ट मास्टर जनरल मनीषा सिन्हा ने कहा कि गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय से 13 जिलों के लोगों के पासपोर्ट बनते थे। वृंदावन केंद्र शुरू होने के बाद मथुरा, हाथरस, अलीगढ़ आदि जिले के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए गाजियाबाद जाने की जरूरत नहीं होगी।
गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारी सुब्रत हाजरा ने बताया कि इस सेवा केंद्र से प्रतिदिन 50 लोगों के पासपोर्ट के आवेदन पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। यह केंद्र गाजियाबाद की सभी सुविधाएं वृंदावन से ही उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर पासपोर्ट कार्यालय के वरिष्ठ अधीक्षक बीएस रावत, उमराव सिंह, दीपक चंद्रा, विष्णु भूषण, राधाकृष्ण पाठक, अनूप शर्मा, जनार्दन शर्मा, पवन चतुर्वेदी, मधु शर्मा, संजय गोविल आदि उपस्थित थे।
बच्ची विनन्या मुद्गल को हेमा ने दिया पासपोर्ट
वृंदावन। वृंदावन पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुरू होते ही पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाली आगरा निवासी बालिका विनन्या मुद्गल को स्वयं सांसद हेमा मालिनी ने पासपोर्ट सौंपा। फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी के हाथों से पासपोर्ट प्रति लेकर बालिका विनन्या मुद्गल की खुशी का ठिकाना न रहा। इस अवसर पर उसके साथ उसके पिता शुभ मुद्गल भी साथ रहे।