कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर मंगलवार को एक तेज गति से जा रहे ट्रक ने बाइक सवार युवकों को चपेट में आ गए। दोनों ही बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम भी लग गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों ही बाइक सवारों को अस्पताल लाया गया।
हादसे का शिकार हृदेश (25) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी अमांपुर एवं मयंक कुमार(17) पुत्र अनिल कुमार निवासी अमांपुर हुए। दोनों ही युवक दोपहर 3 बजे बाइक से वाजिदपुर गांव तेहरवीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, तभी अथैया के निकट सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस और ग्रामीण दोनों ही युवकों को लहूलुहान अवस्था में यह सोचकर चिकित्सालय ले गए लेकिन डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जमा भीड़ ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर आधा घंटे बाद जाम को खुलवाया।
छह महीने पहले हुई थी शादी
दुर्घटना में मौत का शिकार हुए हृदेश की शादी छह माह पूर्व ही हुई है। हृदेश की दुर्घटना में मौत की खबर से उसके माता, पिता, पत्नी सभी का बुरा हाल है। हृदेश के पिता मक्खन लाल इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। हृदेश उनका इकलौता पुत्र था और वह स्पेयर पार्ट का काम करता था। मयंक अभी अध्ययनरत था। उसके पिता सहावर तहसील में कार्यरत हैं। मृतक आश्रित में मयंक के पिता अनिल को तहसील की नौकरी हासिल हुई। मयंक के माता पिता व अन्य परिवारीजनों का भी बेहद बुरा हाल था। सभी परिवारीजन जिला चिकित्सालय एवं पोस्टमार्टम गृह पर डटे हुए थे।
हृदेश के पिता की हालत बिगडने पर किया अलीगढ़ रेफर
बेटे हृदेश की मौत के सदमे को उसके पिता सेवानिवृत्त शिक्षक नरेंद्र सिंह बर्दाश्त नहीं कर पाए। उनकी हालत काफी बिगड़ गई। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हृदय घात की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।