मथुरा/वृंदावन। मध्यरात्रि चतुर्दशी के समय महादेव का शिवलिंग के रूप में अवतार हुआ। इस बार 13 और 14 फरवरी की मध्यरात्रि चतुर्दशी तिथि का योग बन रहा है। ऐसे में इन दोनों ही दिन महाशिवरात्रि का उत्सव मनाया जाएगा।
ज्योतिषाचार्य पं. रामविलास चतुर्वेदी ने बताया कि इस बार शिवरात्रि पर्व शिवभक्तों के लिए अमृत सिद्धि योग साथ लेकर आ रहा है। इस योग में शिव उपासकों के घर में सुख-शांति व धन-धान्य की वृद्धि होगी।
पंडित कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया 13 फरवरी की रात्रि 10 बजकर 36 मिनट पर चतुर्दशी तिथि आ रही है जो 14 फरवरी मध्यरात्रि 12 बजकर 49 मिनट तक रहेगी। सार संहिता में उल्लेख है मध्यरात्रि चतुर्दशी को महादेव का शिवलिंग अवतार है। इस बार दो दिन ये योग बन रहा है ऐसे में दो दिन महाशिवरात्रि मनाई जाएगी।
वृंदावन के गोपेश्वर महादेव मंदिर के सेवायत रामगोपाल गोस्वामी ने बताया कि चार पहर की आरती करने वाले शिवभक्त 13 को महाशिवरात्रि पर्व मनाएंगे। पंडित अजय तैलंग ने बताया फाल्गुन के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है।
इस वर्ष महाशिवरात्रि का व्रत पर्व 13 एवं 14 फरवरी दोनों दिन किया जा सकता है। जिन लोगों को विवाह में अड़चन आ रही हो वो शिवरात्रि के दिन शिवलिंग पर केसर मिला कर दूध चढ़ाएं। धन प्राप्ति के लिए मछलियों को आटे की गोलियां खिलाएं। मनोकामना पूर्ति के लिए शिवरात्रि पर 21 बेलपत्रों पर चंदन से ओम नम: शिवाय लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाएं।