मैनपुरी। नगर क्षेत्र के गांव रमईहार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन हुआ।
छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करके ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. किरन सौजिया सीनियर सेकेंडरी एजूकेशनल एकेडमी के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि प्रबंध निदेशक अशोक कुमार यादव ने नकद पुरस्कार देकर नाटक के प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो भी छात्र आईआईटी, एमबीबीएस तथा सीपीएमटी की परीक्षा पास कर रुपये के अभाव में पढ़ाई से वंचित रहते हैं तो वह उस छात्र की पूरी पढ़ाई का खर्च वहन करेंगे। इस घोषणा का सभी ग्रामवासियों, मौजूद लोगों व छात्रों तथा शिक्षकों ने कर्तल ध्वनि से स्वागत किया। संतोष कुमार शाक्य ने विद्यार्थियों को एड्स से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।