वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन निवासी एक विवाहिता के लापता होने पर पति ने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, विवाहिता के परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उनकी बेटी को लापता करने की तहरीर पुलिस को दी है।
नगर के मोतीझील निवासी लक्ष्मी गुप्ता ने अपनी बेटी स्मृति गुप्ता का विवाह अक्तूबर 2016 में वृंदावन के रमणरेती राधिका बिहार निवासी गुलशन बिज के साथ किया था। बताया कि उनकी बेटी स्मृति गुप्ता के लापता होने की जानकारी रविवार की रात उस समय हुई जब उनका दामाद गुलशन पुलिस लेकर उनके घर पहुंचा और उन्हें स्मृति के लापता होने का दोषी उन्हें ठहराने लगा।
स्मृति के परिजनों का आरोप है कि बेटी का पति दहेज के लिए उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि स्मृति अपनी पांच माह की बेटी को भी ससुराल में छोड़कर गई है। इसी से शक और गहरा हो रहा है। उधर, गुलशन ने पुलिस को दी तहरीर में पत्नी के रविवार सुबह 11 बजे से लापता होने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों ओर से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।