एटा। नगर निकाय चुनाव को भाजपा पूरी जिम्मेदारी के साथ लड़ रही है। साफ, सुथरी और ईमानदार सरकार ने देश और प्रदेश में विकास किया है। बसपा ने लूट खसोट की तो सपा ने कुछ खास लोगों का ख्याल रखा, लेकिन भाजपा बेहतर नगरीय जीवन देना चाहती हैं। यह बातें शुक्रवार को एटा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने चुनावी जनसभा के दौरान कहीं। इस दौरान उन्होंने जिले के नगर निकाय के अध्यक्ष और सभासद के प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया।
मेहता पार्क में आयोजित जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पिछली सरकारों ने तमाम राज्यों में घोटाले किए और परिवारवाद को बढ़ावा दिया। बसपा की बहनजी मायावती ने लोगों को खूब लूटा तो सपा के शासनकाल में कुछ खास लोगों पर ध्यान दिया गया। सपा ने भाजपा के चेयरमैन और सभासदों को परेशान किया। उन्होंने सपा के नगर विकास मंत्री आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि उल्टी खोपड़ी के मंत्री ने विभाग की बर्बादी कर दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने देश के विकास के साथ सीमाओं की सुरक्षा, आंतरिक दशा को सुधारने का काम किया है। प्रदेश में योगी आदित्य नाथ की सरकार ने जनता के विकास के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। प्रदेश में 29 फीसद जनता शहरों में निवास करती है। भाजपा का संकल्प है कि लोगों को बेहतर नगरीय जीवन मिले। इसके लिए भाजपा ने 27 सूत्री संकल्प पत्र जारी किया है। उन्होंने राजस्थान के राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि वे कहते थे कि किसान खाली, तो दुकान खाली। भाजपा किसान के साथ व्यापारी की झोली भी भरना चाहती है। उन्होंने संकल्प पत्र के वादे गिनाते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्याशी चुनाव जीतते हैं तो नगर पालिकाओं और पंचायतों को ओडीएफ कर 20 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। नगरों में गरीबों का हर सप्ताह रुटीन चेकअप कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने जनता से एटा नगर पालिका की प्रत्याशी शालिनी गुप्ता और अन्य नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया। कार्यक्रम से पूर्व जिलाध्यक्ष डा. दिनेश वशिष्ठ, विधायक विपिन वर्मा डेविड, वीरेंद्र लोधी, सत्यपाल सिंह राठौर और पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बड़ी फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
खाली पड़ी रहीं कुर्सियां
चुनावी जनसभा को लेकर मेहता पार्क में 500 से अधिक कुर्सियां लगाई गई थीं लेकिन भाजपा नेता और प्रत्याशी भीड़ जुटाने में फेल नजर आए। जनसभा में आधा मैदान खाली नजर आया। इसे लेकर विपक्षियों में चर्चा का आलम रहा।
ये रहे मौजूद
जनसभा के दौरान जिला महामंत्री संदीप जैन, प्रदीप भामाशाह, पूर्व विधायक सुधाकर वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता, हरनाथ सिंह यादव, कंचन गुप्ता अड़ंगा, प्रमोद गुप्ता, गजेंद्र सिंह चौहान, सुशील गुप्ता, अग्रिम जैन, कौशलेंद्र सिंह, सौरभ गुप्ता, निखिल चौधरी, राजेश गुप्ता, प्रदीप महाजन समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।