एटा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई का वार्षिक चुनाव रविवार को होगा। प्रांतीय नेतृत्व ने पर्यवेक्षकों एवं निर्वाचन अधिकारियों को निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। जिलामंत्री सत्यवीर सिंह दिवाकर ने बताया कि 372 विद्यालयों के 879 शिक्षक प्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी गई है।
अविनाशी सहाय आर्य इंटर कालेज में आहूत संगठन की बैठक में चुनाव की जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष रामभान सिंह एवं जिलामंत्री सत्यवीर सिंह ने विद्यालयों से प्राप्त डेलीगेट सूचियों को लेकर मिली आपत्तियों का निस्तारण करते हुए डेलीगेट्स की अंतिम सूची जारी की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले के 372 विद्यालयों के 879 शिक्षक मतदाता आवश्यकता पड़ने पर चुनाव में अपने वोट का प्रयोग करेंगे। नेताद्वय ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया आर्य विद्यालय में रविवार प्रात: 11 बजे नामांकन किया जाएगा।
आम सहमति न बनने पर चुनाव कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन मंडल प्रभारी गुमान सिंह यादव, मंडलीय अध्यक्ष पूरन सिंह, मंडलीय मंत्री डॉ. कमलेश कुमार उपस्थिति में होगा। बैठक में डॉ. रामनिवास यादव, डॉ. नंदलाल यादव, डॉ. आनंद कुमार, खूबीराम, रवि कांत, पवित्र चौधरी, राजकुमार, भरत सिंह, सत्य प्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।