एटा। स्वच्छ भारत मिशन के तत्वावधान में शीतलपुर ब्लाक सभाकक्ष में आयोजित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में सीडीओ उग्रसेन पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए हम सभी को आगे आना होगा। हर घर में शौचालय हो और इसका प्रयोग भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शौचमुक्त गांवों का विकास वृहद स्तर पर कराया जाएगा।
ओडीएफ की मॉनीटरिंग एवं सुझाव, शिकायतों के लिए विकासखंड पर वाररूम की स्थापना की गई है। इस अवसर पर मौजूद ग्राम प्रधान, सचिव, अध्यापकों, सफाईकर्मी, स्वच्छताग्राही, आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा राशन डीलर आदि को स्वच्छता अभियान की वीडियो दिखाकर जागरूक किया गया। डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह ने शौचालय को स्वच्छता का हिस्सा बताया।
ग्रामीणों को स्वच्छता और शौचालयों के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। निर्धनों को शौचालय के स्वीकृति पत्र के साथ प्रोत्साहन राशि अवश्य दी जाए। जिला पंचायतराज अधिकारी धनंजय जायसवाल, बीएसए एसके तिवारी आदि ने भी संबोधित किया। डीपीसी विनय कुशवाह, खंड प्रेरक गौरव गुप्ता, एडीओ पंचायत, एडीओ आईएसबी सहित विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम प्रधान, सचिव, अध्यापक, सफाईकर्मी आदि मौजूद थे।