आगरा। परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से अंग्रेजी पढ़ाने का तरीका सिखाया जा रहा है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में बुधवार को ट्रेनर ऑफ टीचर्स की ट्रेनिंग शुरू हुई।
परिषदीय स्कूलों के ही तीन शिक्षकाें ने मास्टर ट्रेनर के रूप में ‘अर्ली ग्रेड इंग्लिश लर्निंग प्रोग्राम’ में हिस्सा लिया। जो कि गत माह मथुरा डायट में आयोजित की गई थी। अब मास्टर ट्रेनर जिले के सभी ब्लाकों के चार-चार शिक्षकों को ट्रेनर ऑफ टीचर्स के रूप में प्रशिक्षित कर रहे हैं। डायट प्राचार्य अहिबरन सिंह ने बताया कि चार दिन तक डायट में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 64 शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं।
इसके बाद ब्लाक स्तर चार दिन का प्रशिक्षण संबंधित ब्लाक के सभी शिक्षकों के लिए आयोजित किया जाएगा। शुरूआती कक्षा में विद्यार्थियाें का अंग्रेजी के प्रति रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। विद्यार्थियों को खेल-खेल में अंग्रेजी बोलना सिखाया जाएगा। डायट में मास्टर ट्रेनर के रूप में पोनिया चावला, बीता अग्रवाल, रानी चाहर प्रशिक्षण दे रही हैं।