जसराना (फिरोजाबाद)। जसराना के गांव नगला मदना में राशन डीलर के घर बदमाशों ने जमकर कहर बरपाया। डीलर की पत्नी को मारपीट कर पूरा सामान कब्जे में लिया। विरोध करने पर डीलर को गोली मार दी।
गोली की आवाज से गांव में जगार हो गई। इस पर बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों ने फायरिंग भी की। पुलिस ने घर में रंगाई-पुताई का काम कर रहे छह लोगों को हिरासत में लिया है। परिवारीजनों के अनुसार बदमाशों की संख्या छह थी। सभी के चेहरे खुले थे।
थाना जसराना के गांव नगला मदना निवासी राशन डीलर देेवेंद्र सिंह पुत्र रसाल सिंह बनबारा ग्राम पंचायत के प्रधान रवीश यादव के चाचा एवं पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह के भाई हैं। घर में उनके छोटे बेटे गौरव की शादी की तैयारियां चल रही हैं। रंगाई पुताई के साथ अन्य कार्य किए जा रहे हैं। बड़ा बेटा गोरखपुर किसी कार्य से गया था।
गुरुवार रात को बदमाश दूसरी मंजिल से होतेे हुए घर में प्रवेश कर गए। देवेंद्र सिंह की पुत्री एवं उसके बडे़ बेटे की बहू को कमरे में बंद कर दिया। दूसरी मंजिल पर सो रहे देवेंद्र एवं उनकी पत्नी शीला देवी को बंधक बना लिया।
पत्नी ने विरोध किया तो उनकी जमकर पिटाई लगा दी। नाक, कान से आभूषण नोंच लिए। अन्य कमरों में रखी नगदी और आभूषण लूट लिए। शीला देवी बेहोश हो गईं। देवेंद्र बदमाशों से भिड़े तो उन्हें गोली मार दी।
गोली की आवाज से तीसरी मंजिल पर सो रहा उनका छोटा बेटा गौरव जाग गया। ग्रामीणों में भी जगार हो गई। चीखपुकार मचने पर बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों ने उनका पीछा कर फायरिंग भी की, लेकिन उनका पता नहीं चला। गंभीर रूप से घायल दंपति को उपचार के लिए आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया है।
सूचना पर एसएचओ अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी संजय रेड्डी, एसपी देहात महेंद्र सिंह और एसएसपी डा. मनोज कुमार पहुंच गए। एसओजी, क्राइम ब्रांच की टीम के साथ फोरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा। घर से सौ मीटर की दूसरी पर बक्सा पड़ा मिला है।
परिवारीजनों की मानें तो बदमाश करीब 15 लाख रुपये और 15 लाख के आभूषण ले गए हैं। एसपी देहात महेंद्र सिंह ने कहा कि कितना सामान गया है इसकी डिटेल नहीं आई है। घर में काम कर रहे आधा दर्जन मजदूरों को पकड़ा है। घटना के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं।