मैनपुरी। लगातार तीन दिन से बैंकें बंद होने के चलते लगभग सभी एटीएम में शाम होते होते कैश खत्म हो गया। लोग रुपये निकालने के लिए एक से दूसरे एटीएम के चक्कर लगाते रहे।
रामनवमी, दशहरा, रविवार के चलते तीन दिन से बैंकें लगातार बंद चल रही हैं। रविवार को तीसरे दिन सुबह से ही कई एटीएम में कैश खत्म हो गया। दोपहर तक तो लोगों ने एक से दूसरे एटीएम पहुंचकर कैश निकाला। शाम होते होते अधिकांश एटीएम दम तोड़ गए।
रुपये निकालने के लिए एटीएम पर लगने वाली भीड़ को देख एटीएम के सुरक्षा कर्मियों ने नो कैश के बोर्ड टांगकर शटर भी गिरा दिए। खातेदार अनिल शर्मा का कहना था उनको इलाज कराने के लिए दिल्ली जाना है। जब वह एटीएम पहुंचे तो कई एटीएम पर नो कैश के बोर्ड मिले।
दो अक्तूबर को भी अवकाश होने के कारण एटीएम से रुपया नहीं निकलेगा। खातेदार पराग शुक्ला का कहना है जिन एटीएम में कैश था उनमें सर्वर काम नहीं कर रहा था। जरुरत पर अक्सर एटीएम धोखा दे जाते हैं। अवकाश के दिनों में एटीएम में कैश ड़लवाने की व्यवस्था की जानी चाहिए।