फिरोजाबाद। किसी दुर्घटना और आपातकालीन स्थिति में खून की जरूरत के लिए अब मरीजों के तीमारदारों को भटकना नहीं पड़ेगा। खून की कमी पूरा करने के लिए जिला अस्पताल सहित जिले के सभी ब्लड बैंक नेशनल पोर्टल ई-रक्त कोष से जुड़ गए हैं। ई-रक्त कोष की वेबसाइट पर लॉगिन कर या मोबाइल में एप्स डाउनलोड कर इसके बारे में जानकारी की जा सकेगी।
ब्लड बैंक से जुड़ा डाटा एक क्लिक करते ही मिला जाएगा कि किस ग्रुप का कितना खून किसी ब्लड बैंक में उपलब्ध है। इसमें खून देने वालों की पूरी जानकारी आनलाइन होगी। इस व्यवस्था में डोनर के लिए बारकोड जनरेट होगा।
इसके बाद खून देने वाले की पूरी डिटेल बार कोड के साथ पोर्टल पर डाली जाएगी। ई-रक्त कोष से जुड़ने के बाद ब्लड बैंक की सारी सूचनाएं पारदर्शी होने के साथ सरकार के पास सुरक्षित रहेंगी। इससे अवैध रुप से खून बेचने के धंधे पर रोक लगेगी। जरूरतमंदों को सरकारी दर ब्लड मिलेगा।
अभीतक ब्लड बैंक में पूरा काम मैनुअली होने से लापरवाही और गड़बड़ी की आशंका ज्यादा रहती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। ब्लड बैंक प्रभारी को नोएडा में ट्रेनिंग करा कर व्यवस्थाएं आनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में पंाच ब्लड बैंक हैं। जिनमें एक सरकारी और चार प्राइवेट हैं। सभी को पोर्टल से जोडा जा चुका है, लेकिन जल्द ही सभी व्यवस्थाएं आनलाइन होंगी।