सरकार और समाज जुटेगा तो होगा नदियों का उद्धार: राय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गोवर्धन में हुई गोष्ठी
अमर उजाला ब्यूरो
गोवर्धन (मथुरा)।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार रामबहादुर राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशियाई देशों की एकता के लिए काम कर रहे हैं। डोकलाम विवाद पर मोदी की चुप्पी से संकेत मिलता है कि वो हिंदू, बौद्ध एकता को अहम मानते हैं।
सामाजिक संस्था युगांधर के तत्वावधान में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गोवर्धन में आयोजित गोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नदियों के उद्धार के लिए बेहद चिंतित हैं। इसके लिए काफी प्रयास भी कर रहे हैं। लेकिन वक्त की जरूरत है कि ऐसे कामों के लिए सरकार और समाज दोनों मिलकर काम करें तभी सफलता मिल पाएगी। सेमिनार में मोदी मंत्र पुस्तक के लेखक हरीश वर्णवाल, स्वदेशी अभियान से जुड़े रूपेश पांडेय, भारतीय किसान मोर्चा के प्रवक्ता राकेश सिंह आदि ने भी विचार रखे। सेमिनार का संयोजन युगांधर के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं महामंत्री महेंद्र सिंह पटेल ने किया। सेमिनार में देश भर से आए लगभग 200 लोगों ने भाग लिया।