फिरोजाबाद। ओम अपार्टमेंट में रहने वाले चूड़ी कारोबारी का परिवार दहशत के कारण गायब हुआ है। दूसरे समुदाय के एक कारोबारी का पैसा चूड़ी व्यापारी को देना है। कारोबारी ने व्यापारी को बेटी उठा ले जाने की तक की धमकी दी थी। धमकी से दहशत में आया परिवार रातोंरात फ्लैट छोड़ चला गया था।
नोटबंदी के दौरान चूड़ी कारोबारी का व्यापार पटरी से उतरने पर उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। व्यापार को पटरी पर लाने के लिए कारोबारी ने बाजार से ब्याज पर पैसा उठाया।
लोगों का पैसा चुकाने के लिए महंगी रेट पर कारखाने से चूड़ी का माल उठाया और सस्ती रेट पर बाजार में दिया। व्यापारी की मजबूरी का लाभ उठा कर कुछ कारखाना संचालकों ने महंगे रेट पर माल दिया।
इससे आर्थिक संकट और गहरा गया। शुक्रवार को कुछ लोगों ने कारोबारी के ओम अपार्टमेंट स्थित फ्लैट पर कब्जा करने की कोशिश की तो बात मामले की परत दर परत खुलने लगी। पुलिस में शिकायत किए बिना कुछ लोग फ्लैट पर कब्जा करने पहुंच गए।
अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बताया कि कारोबारी परिवार कर्ज से कम धमकियों से अधिक परेशान हो चुका था। एक चूड़ी व्यापारी ने कारोबारी को उसकी बेटी उठा ले जाने तक की धमकी दी थी। इसके बाद परिवार दहशत में राताेंरात गायब हो गया।