मैनपुरी। बिजली विभाग हर कदम पर लोगों को झटका देने को तैयार है। बरसात के मौसम में जगह-जगह खुले तार पड़े हैं। कई बार हादसों के बाद भी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार है।
बिजली विभाग द्वारा लोगों की सुविधाओं के लिए तमाम प्रयास किए गए हैं। अंडर ग्राउंड केबलिंग कर लोगों को विद्युत समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया गया है। इसके बाद भी विभाग लोगों को बड़ा झटका देने को तैयार है। शहर के बीच दर्जनों स्थानों पर खुले पड़े तार तथा गलियों में काफी नीचे झूल रहे तार मौत को दावत दे रहे हैं। बरसात के दिनों में यह तार कभी भी बड़े हादसे को अंजाम दे सकते हैं। नगर में पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।
व्यस्ततम राधारमण रोड पर एक दर्जन से अधिक स्थानों पर डीपी के तार खुले पड़े हुए हैं। बरसात के दिनो ंमें इन तारों में करंट आ जाता है। जिसकी चपेट में आकर कई बार जानवरों की मौत तक हो चुकी है। मगर आजतक बिजली विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। लगभग यही हालत खरगजीत नगर, अवधनगर तथा मोहल्ला छपट्टी की भी है। इन मोहल्लों में बिजली के खंभों पर लगे तार इतने नीचे, जर्जर तथा ढ़ीले हैं कि बरसात के दिनों में उनमें आने वाले करंट से जानवर घायल हो जाते हैं। करहल रोड पर चार माह पूर्व खंभे के काफी नीचे झूल रहे तारों में आए करंट से चिपककर एक गाय मर गयी थी। लोगों के विरोध के बाद विभाग के तार कुछ ऊंचे करा दिए मगर वह फिर ढ़ीले होकर झूल रहे हैं। देवी रोड पर खुली पड़ी डीपी के तारों से चिपककर अभी तक चार सुअर मर चुके हैं।
विभाग को देना चाहिए ध्यान
नगर निवासी अमन वारसी, दयानंद मिश्रा, सुधाकर गुप्ता, प्रमोद गुप्ता का कहना है बिजली विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए। अन्यथा बरसात के मौसम में बड़ा हादसा हो सकता है। जिससे लोगों का आक्रोश आंदोलन के रूप में सड़कों पर आ सकता है।
अधिशासी अभियंता एके पांडेय का कहना है कि इस तरह की शिकायत अभी तक जानकारी में नहीं आई है। संबंधित अवर अभियंताओं के साथ ही लाइनमैनों से स्थलीय निरीक्षण करायेंगे। अगर कहीं तार काफी नीचे अथवा खुले पाए जाते हैं तो उनको सही कराया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।