एटा/जैथरा। ग्राम पंचायत जैथरा देहात के आधा दर्जन मजरों में रहने वाले ग्रामीणों को पट्टे की भूमि आवंटित करने के नाम पर 19 लोगों से लेखपाल ने उगाही कर ली। शिकायत पर मुख्यमंत्री के उप सचिव हरिमोहन झा ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में नायब तहसीलदार ने आरोपों की पुष्टि की है। ऐसे में एसडीएम ने लेखपाल से जवाब तलब किया है।
जैथरा ग्राम पंचायत में राधेश्याम वर्मा लंबे समय से तैनात है। जैथरा निवासी मनोज कुमार ने शिकायत की कि लेखपाल ने ग्राम पंचायत के मजरा लहचोरा, अमृतपुर्र, नगला मोहन निवासी 19 लोगाें से कृषि और आबादी भूमि के पट्टा आवंटित करने के नाम पर दो से तीस हजार रुपये तक वसूली की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री के उप सचिव ने डीएम अमित किशोर को जांच के आदेश दिए। डीएम ने मामले की जांच अलीगंज के नायब तहसीलदार लक्ष्मीचंद को सौंपी। नायब तहसीलदार की जांच में पट्टा आवंटन के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों की पुष्टि हो गई। आरोपों की पुष्टि के बाद एसडीएम अलीगंज रामदत्तराम ने आरोप पत्र भेज कर लेखपाल राधेश्याम से जवाब तलब किया है।