जिले में अपंजीकृत कंपनियों का बीज बेचकर किसानों को ठगने का काम चल रहा है। कृषि विभाग का नोटिस बैरंग लौटा। पिछले दिनों विभाग को एक कंपनी का ऐसा ही मामला पकड़ में आया। विभाग ने कंपनी के पते पर नोटिस भेजा, लेकिन नोटिस वापस लौट आया। अब विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, 11 जून को कृषि विभाग ने बीज भंडारों पर छापेमारी करते हुए एक दुकान से बाजरा का सैंपल लिया था। यह सैंपल आगरा की एडवांस सीड्स कंपनी का था। विभाग ने सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। जहां सैंपल फेल हो गया। इसके बाद विभाग ने बीज निर्माता कंपनी को नोटिस जारी कर डाक से कंपनी को भेजा। मगर नोटिस बैरंग लौट आया। नोटिस के लिफाफे पर लिखा था कि पते पर एडवांस सीड्स के नाम से कोई फर्म नहीं है। नोटिस को वापस देख विभागीय अधिकारी हैरत में पड़ गए। अब विभाग विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। वहीं जिले में तमाम बीज ऐसी ही अपंजीकृत फर्माें के नाम से बेचे जा रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी डा. सर्वेश यादव का कहना है कि अपंजीकृत फर्मों से बीज खरीदने वाले विक्रेता सुधर जाएं। अगर सैंपल फेल होने पर कंपनी फर्जी निकलती है, तो विक्रेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
मक्का के दो नमूने फेल
जिले में दो बीज भंडारों से लिए गए मक्का के दो नमूने जांच में फेल हो गए हैं। विभाग ने पिछले दिनों मिरहची के राधे बीज भंडार से शक्ति वर्धक हाइब्रिड सीड्स हिसार और उदय खाद बीज भंडार से सेनजेस्ट इंडिया सीड्स लिमिटेड पुणे का मक्का बीज का नमूना लिया था, जो जांच में फेल हो गया। विभाग ने कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं।