कासगंज में नदरई गेट चौकी के समीप वाहन खड़ा कर मार्ग पर जगाया जाम का फाइल फोटो।
कासगंज। शहर के नदरई गेट क्षेत्र में खराब पंखा बदलने के मामले में ग्राहक पक्ष और दुकानदार के बीच हुए विवाद में दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इससे नाराज ग्राहक पक्ष के लोगों ने गांधी मूर्ति पर रोड जाम लगाकर धरना-प्रदर्शन किया था। पुलिस ने 15 नामजद सहित 110 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नदरई गेट बाजार में बृहस्पतिवार की सुबह एक खराब पंखे को बदलने के मामले में रुपेंद्र निवासी रायपुर और उसके साथियों ने बिजली कारोबारी अभिषेक माहेश्वरी निवासी तेलियान चौक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया था। हमले में अभिषेक माहेश्वरी व उनकी दुकान पर काम करने वाले आसिफ और नीरज घायल हो गए थे। दुकानदार पर हमले के बाद शहर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था। व्यापारियों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 5 नामजद व 20 अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। ग्राहक पक्ष पर हुई पुलिस की कार्रवाई के बाद उनके समर्थक नाराज हो गए थे। शाम को रुपेंद्र पक्ष के लोगों ने नदरई गेट चौकी के पास गांधी मूर्ति धरना दिया था। इस दौरान बाइक आदि खड़ी कर रोड जाम कर दिया था। देर रात सदर सीओ के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ था। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि गांधी मूर्ति पर जाम लगाने के मामले में लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट : विवाद के दौरान रोड जाम करके धरना-प्रदर्शन के मामले में नदरई गेट चौकी इंचार्ज शिवनंदन आनंद ने रंजीत निवासी दीन दयाल पुरम कालोनी, जीतू ठाकुर निवासी निवासी अहरौली, अवधेश प्रताप सिंह निवासी सोरों गेट, अशोक राघव निवासी नौरथा, जीतू ठाकुर निवासी दीन दयाल पुरम कालोनी, दिनेश ठाकुर निवासी ऑफिसर कॉलोनी, प्रदीप सोलंकी निवासी रेलवे रोड, मीनू ठाकुर निवासी लालपुर, गौरव ठाकुर निवासी गंगा होटल, बंटी सिसौदिया निवासी मुंशी का पडाव, राजीव ठाकुर निवासी नोरथा, अमन निवासी मांमौ, दुष्यंत ठाकुर निवासी खडिया नमैनी, लक्ष्मण सिंह निवासी रायपुर पटना, सोनी ठाकुर निवासी मामों, भूपेंद्र निवासी पचगई सहित 110 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।